Mahabharat News

हिंदी समाचार

ममता की प्रतिमूर्ति मा शांति देवी की स्मृति में सेवा और संस्कारों का संगम:


मा देवी की स्मृति में सेवा और संस्कारों का संगम:
प्रतापगढ़।
ममतामई माता शांति देवी की 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर माता शांति देवी सामाजिक सद्भावना सम्मान समारोह का आयोजन चिलबिला पट्टी रोड स्थित महुली के रेखा सदन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन समाजसेवा, मानवीय संवेदना और पारिवारिक संस्कारों का सशक्त उदाहरण बना।
समारोह के आयोजक रोशनलाल उमरवैश्य ने माता शांति देवी की स्मृति को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए जरूरतमंदों के लिए अनुकरणीय पहल की। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 55 दृष्टिबाधितों को सम्मानित कर उपयोगी सामग्री भेंट की गई। दिव्यांग देवी प्रसाद को व्हीलचेयर प्रदान की गई, जबकि कई वृद्धजनों को सहारे के लिए छड़ी वितरित की गई। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के 521 जरूरतमंदों में कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सीएमओ कार्यालय के सहयोग से श्रीराम भद्राचार्य, चित्रकूट से आए नेत्र चिकित्सकों एवं आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में रोगियों की जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि रोशनलाल उमरवैश्य महान माता शांति देवी के योग्य पुत्र हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और सेवा भाव को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास अमित कृष्ण शास्त्री महाराज ने कहा कि परोपकार सबसे बड़ा पुण्य है और रोशनलाल उमरवैश्य द्वारा मानव सेवा के साथ जीव-जंतुओं की सेवा भी प्रेरणादायक है।
उद्घाटन अतिथि सीओ सिटी ट्रैफिक अनिल कुमार राय ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए यातायात नियमों के पालन की अपील की। विशिष्ट अतिथियों में नायब तहसीलदार बालेंद्र भूषण, कानूनगो त्रिभुवन नाथ मिश्र एवं सूबेदार राम आसरे सिंह उपस्थित रहे।
समारोह में चिकित्सा, साहित्य, समाजसेवा, विधि, व्यापार, शिक्षा एवं प्रशासन से जुड़े 103 व्यक्तियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संचालन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दयाराम मौर्य ने किया। कवियों ने मां विषय पर काव्य पाठ प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक रोशनलाल उमरवैश्य ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

About Post Author